जालंधर में नौवीं एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी पुरूष हॉकी प्रतियोगिता में भारत ने कल जीत के साथ शुरूआत की। ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में भारत ने पहले ही मैच में बांग्लादेश को 13-शून्य से हरा दिया। एशियन चैंपियन्स ट्रॉफी में यह भारत की बांग्लादेश पर अब तक की सबसे बड़ी जीत है। मैच की शुरूआत से ही भारत ने बांग्लादेश पर दबदबा बनाए रखा। मनदीप सिंह ने हैट्रिक लगाई जबकि कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पैनल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल दागे। दिलप्रीत सिंह और हार्दिक सिंह ने भी दो-दो गोल किए।
अन्य मुकाबलों में मलेशिया ने चीन को 5-4 से और जापान ने दक्षिण कोरिया को 3-2 से हराया। प्रतियोगिता में आज विश्राम का दिन है। कल भारत का मुकाबला चीन और मलेशिया का दक्षिण कोरिया से होगा। जापान का सामना बांग्लादेश से होगा। आकाशवाणी का एफ एम रेनबो चैनल तथा आकाशवाणी जालंधर से भारत के सभी मैचों का सीधा प्रसारण किया जाएगा। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों का सीधा प्रसारण भी इन चैनलों पर उपलब्ध रहेगा।