भारत और लेबनान ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की और राजनीतिक, सुरक्षा, आर्थिक तथा सामाजिक-सांस्कृतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
भारत और लेबनान के बीच विदेश कार्यालयों के स्तर की पहली वार्ता कल नई दिल्ली में हुई। इसकी सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में सचिव सीपीवी और ओआईए श्रीप्रिया रंगनाथन और लेबनान के विदेश और प्रवासी मंत्रालय के महासचिव अब्देल सत्तार ईसा ने की।
दोनों देशों ने व्यापार और निवेश, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे तथा दवा उद्योग में सहयोग को प्राथमिकता देने पर सहमति जताई। इसके अलावा, आपसी हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और लेबनान के बीच राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। मंत्रालय ने विश्वास जताया कि इस वार्ता से दोनों देशों के बीच साझेदारी और मजबूत होगी।