मई 21, 2026 2:19 अपराह्न

printer

भारत और इटली ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे को और विकसित करने पर सहमति जताई

भारत और इटली ने व्यापार, निवेश और सप्लाई-चेन की मज़बूती के लिए भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे को और विकसित करने पर सहमति जताई। एक संयुक्त बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे पर सहयोग करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने माना कि वैश्विक व्यापार, संपर्क और समृद्धि को बढ़ावा देने में इस गलियारे में महत्‍वपूर्ण क्षमता है।

रोम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक संयुक्त वक्‍तव्‍य में, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे को एक प्रमुख संपर्क और आर्थिक गलियारा बताया, जो यूरोप, मध्य पूर्व और भारत को जोड़ता है, और जिसमें व्यापार, निवेश और सप्लाई-चेन की मज़बूती की क्षमता है।

सुश्री मेलोनी ने कहा कि इन क्षेत्रों के बीच आपसी जुड़ाव को मज़बूत करना एक महत्वपूर्ण प्राथमिकता बनी हुई है, और उन्होंने कहा कि दोनों देश इस गलियारे के विकास का ज़ोरदार समर्थन करते हैं।

इटली की प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और इटली अंतरराष्ट्रीय स्थिरता, आर्थिक सुरक्षा, मज़बूत सप्लाई-चेन, शांति और समावेशी विकास सहित प्रमुख वैश्विक चुनौतियों पर एक जैसे विचार रखते हैं।