अगस्त 15, 2026 12:53 अपराह्न

printer

देशभर में स्वतंत्रता दिवस की धूम; असम, मिजोरम, झारखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों ने ध्वजारोहण कर शुभकामनाएं दीं

असम में, स्‍वतंत्रता दिवस पर मुख्‍यमंत्री हि‍मंता बिस्व सरमा ने आज गुवाहाटी में खानपाडा में ध्‍वजारोहण किया। इस अवसर पर कई पहलों की घोषणा की गई। उन्‍होंने कहा कि राज्‍य में सडक, स्‍कूल, शहरी विकास और बुनियादी ग्रामीण ढांचे पर अगले चार वर्ष में 50 हजार करोड़ रूपये का निवेश किया जाएगा। श्री सरमा ने कहा कि राज्‍य सरकार को केंद्र से भी अगले पांच वर्ष में एक लाख करोड रूपये मिलने का अनुमान है।

मुख्‍यमंत्री ने राज्‍य के बाढग्रस्‍त जिलों- शिवसागर, चराइदेव, जोरहाट और गोलाघाट में भू-राजस्‍व एक वर्ष तक नहीं लिया जाएगा और जुलाई महीने की 300 यूनिट तक की बिजली मुफ्त होगी। उन्‍होंने मकान, पढ़ाई और वाहन के लिए लिए गए कर्ज को चुकाने की समय-सीमा बढ़ाने की घोषणा भी की।

श्री सरमा ने कहा कि राज्‍य में आठ नए उप- जिले बनाने का प्रस्‍ताव है। उन्‍होंने बाल विवाह के खिलाफ पहली नवंबर से म‍हीने भर का गहन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने आज कहा कि राज्य संतुलित और समावेशी विकास की ओर अग्रसर है। आइजोल में स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए श्री लालदुहोमा ने कहा कि उनकी सरकार अधिक आत्मनिर्भर और विकसित मिजोरम बनाने तथा जनता के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए कार्यरत है। उन्होंने राज्य की प्रगति का श्रेय किसानों, श्रमिकों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं, सरकारी कर्मचारियों और स्वयंसेवी संगठनों को दिया। मुख्यमंत्री ने जनता से सहयोग, एकता और आपसी सद्भावना के साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में युवाओं, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर बल दिया। उपराजधानी दुमका में राज्यपाल ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक, कदाचार या किसी भी प्रकार की परीक्षा अनियमितता स्वीकार नहीं की जा सकती और ऐसी घटनाएं युवाओं के भविष्य तथा उनके विश्वास को प्रभावित करती हैं। उन्होंने राज्य सरकार से परीक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा कर कमियों को दूर करने और अनुचित साधनों पर प्रभावी रोक लगाने की अपेक्षा जताई। वहीं, राजधानी रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार झारखंड लोक सेवा आयोग-जेपीएससी, झारखंड कर्मचारी चयन आयोग-जेएसएससी सहित सभी नियुक्ति प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने वार्षिक परीक्षा कैलेंडर, पारदर्शी और चरणबद्ध परीक्षा प्रणाली, उत्तर-कुंजी और ओएमआर शीट समय पर उपलब्ध कराने तथा परीक्षा प्रक्रिया में बहुस्तरीय जवाबदेही सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने युवाओं को आश्वस्त किया कि सरकार उनके लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने और नियुक्ति प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने की दिशा में लगातार काम करेगी।

छत्तीसगढ़ में 80वां स्वाधीनता दिवस उत्साह, उल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।