अगस्त 22, 2026 9:23 अपराह्न

printer

गृह मंत्री अमित शाह ने आज देश की पूर्वी सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक की

गृह मंत्री अमित शाह ने आज देश की पूर्वी सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इसमें सिलिगुड़ी कॉरिडोर- चिकन नेक की सुरक्षा मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया।

श्री शाह ने पश्चिम बंगाल के दौरे के तीसरे और अंतिम दिन सिलिगुड़ी के पास सुकना में राज्य सरकार और केंद्रीय सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सीमा सुरक्षा बल और सशस्त्र सीमा बल के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।

बैठक में सीमा निगरानी मजबूत करने, केंद्रीय सुरक्षा बलों, खुफिया एजेंसियों तथा राज्य पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया गया। प्रस्तावित त्रिकोणीय सुरक्षा ग्रिड की रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा हुई।

सिलिगुड़ी कॉरिडोर नेपाल, भूटान और बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के नजदीक है और यह पूर्वोत्तर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला प्रमुख जमीनी मार्ग है।

गृह मंत्री अमित शाह ने आज सिलीगुड़ी के सुकना में वरिष्ठ गोरखा नेताओं के साथ भी बैठक की। दार्जिलिंग के लोकसभा सांसद राजू बिस्ता ने कहा कि बैठक बेहद सफल रही और सभी गोरखा नेताओं ने रचनात्मक ढंग से अपने मुद्दे रखे। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी संबंधित मुद्दों पर अपने विचार और प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैठक के बाद गृह मंत्री ने घोषणा की कि मुद्दों के समाधान के लिए वार्ताकार पंकज सिंह की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा।
 
सांसद हर्ष वर्धन श्रृंगला ने कहा कि दार्जिलिंग हिल्स, तराई और दुआर्स क्षेत्रों का समाधान संवैधानिक ढांचे के भीतर ही होना चाहिए।
 
बैठक में मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल, वार्ताकार पंकज सिंह, सूचना और संचार सेवा निदेशक महेश दीक्षित, पहाड़ी मामलों के राज्य मंत्री बिशाल लामा, सांसद राजू बिस्ता और हर्ष वर्धन श्रृंगला, गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष बिमल गुरुंग और गोरखा राष्ट्रीय मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष मान घिसिंग उपस्थित थे। पांच अन्य गोरखा विधायक और कुछ अन्य गोरखा नेता भी मौजूद थे।