मौसम विभाग ने कल पूर्वी मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। असम, सिक्किम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा सहित भारत के उत्तर पूर्वी भागों में भी इस महीने की 24 तारीख तक तेज बारिश की आशंका है। विभाग ने कल दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी इसी तरह के मौसम की संभावना जताई है।
वहीं, अगले दो दिनों में आंध्र प्रदेश, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईक्काल में बिजली और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक वाले तूफान आने की संभावना है। अंडमान सागर के ऊपर, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों से सटे उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ तूफान की भी आशंका जताई है।