चीन के कई हिस्सों में तेज़ बारिश और बाढ़ के कारण जन-जीवन अस्त-व्यस्त है। इसमें 12 लोगों की मौत हो गई है और कई लापता हैं। सरकारी मीडिया के अनुसार हुनान, हुबेई और गुइझोऊ प्रांत सर्वाधिक प्रभावित हैं।
मध्य चीन के हुनान प्रांत में, शिमेन काउंटी में मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ में पांच लोगों की मौत हो गई और 11 लोग लापता हैं। बचाव अभियान जारी है। 19 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि कुछ स्थानों पर बारिश के स्तर ने ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
पड़ोसी हुबेई प्रांत में, भी इसी तरह की स्थिति के कारण तीन लोगों की मौत हो गई है और चार लापता हैं। दक्षिण-पश्चिमी गुइझोऊ प्रांत में चार लोगों की जान चली गई, जबकि पांच अन्य लापता हैं। 3 हजार सात सौ से अधिक लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है।