हरियाणा सरकार नाबार्ड के सहयोग से प्रदेश में 582 ‘विलेज नॉलेज सेंटर’ स्थापित करेगी, जिस पर 514 करोड़ 53 लाख रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई राज्य वित्त समिति की बैठक में ग्रामीण विकास को लेकर अन्य कई महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रत्येक केंद्र लगभग 88 लाख 33 हजार रुपये की लागत से एक ‘ऑल-इन-वन’ सहायता केंद्र के रूप में विकसित होगा। यहाँ ग्रामीणों को सरपंच कार्यालय, सामुदायिक सलाहकार केंद्र, डिजिटल लाइब्रेरी और बैठक कक्ष जैसी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने इन केंद्रों में पारंपरिक ग्रामीण संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए चबूतरे के साथ छायादार पेड़ लगाने के भी निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों और गलियों की पूरी तरह से उखाड़ने की जगह केवल क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत करने के सख्त निर्देश भी दिए हैं।