हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज चंडीगढ़ में विश्व बैंक के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल शासन, कौशल विकास और डेटा-आधारित प्रशासन पर चर्चा की।
बैठक के दौरान विश्व बैंक के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि 19 से 22 अक्टूबर तक कोरिया में आयोजित होने वाले कोरिया डिजिटल समिट में विश्व बैंक द्वारा हरियाणा सरकार के सहयोग से विकसित एआई सैंडबॉक्स को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री को इस सम्मेलन में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। मुख्यमंत्री ने विश्व बैंक से हरियाणा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं विकास परियोजना को शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया और कहा कि इसके तहत प्रस्तावित एआई गुरुकुल युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान करेगा।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने हरियाणा के लिए समर्पित एआई मॉडल तैयार करने का सुझाव भी रखा। उन्होंने कहा कि यह मॉडल राज्य के कानूनों, नियमों और सरकारी प्रक्रियाओं को समझते हुए अधिकारियों को त्वरित एवं सटीक निर्णय लेने में मदद करेगा और नागरिकों को अधिक तेज, सरल एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री ने विश्व बैंक से प्रदेश में वायु गुणवत्ता प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एयर क्वालिटी डिसीजन सपोर्ट सिस्टम विकसित करने में सहयोग का अनुरोध भी किया। उन्होंने विश्व बैंक से विभिन्न सरकारी विभागों की चुनौतियों का अध्ययन कर उनके सरल, व्यावहारिक और किफायती तकनीकी समाधान विकसित करने में भी सहयोग मांगा।