अक्टूबर 10, 2026 8:24 अपराह्न

printer

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘म्हारी सड़क’ ऐप पर दर्ज शिकायतें 10 दिन में दूर करने के दिए निर्देश

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘म्हारी सड़क’ ऐप के माध्यम से दर्ज सड़क मरम्मत और निर्माण से संबंधित शिकायतों का निपटारा 10 दिनों के भीतर करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने आज चंडीगढ़ में ‘म्हारी सड़क’ ऐप और विभिन्न विभागों के अंतर्गत आने वाली सड़कों की स्थिति की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतें लंबित न रहें और सड़क निर्माण तथा मरम्मत का काम समय पर पूरा किया जाए।
 
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। साथ ही, टाइल्स के बजाय सीमेंट कंक्रीट-आरसीसी या बिटुमेन का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।
 
श्री सैनी ने पंचायत विभाग और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड सहित सभी विभागों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि उनके अंतर्गत आने वाली सड़कों का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया जाए।