इज़रायल ने घोषणा की है कि गाजा शहर में रात भर चले एक लक्षित हमले में हमास के सैन्य कमांडर मोहम्मद ओदेह मारा गया। इज़रायल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने इस ऑपरेशन को आतंकवादी गुट की सैन्य संरचना पर एक बड़ा प्रहार बताया। इज़रायल के अधिकारियों के अनुसार ओदेह को इज़रायल रक्षा बलों- आईडीएफ और शिन बेट द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए एक ऑपरेशन के दौरान मार गिराया गया। यह ऑपरेशन महीनों से उनकी गतिविधियों की खुफिया निगरानी और जासूसी के बाद किया गया था। गाजा से आ रही हमास से जुड़ी खबरों के अनुसार, ओदेह कथित तौर पर अपनी पत्नी और बेटों के साथ हमले में मारा गया।
इज़रायल के अधिकारियों ने बताया कि ओदेह ने इसी महीने की शुरुआत में इज़्ज़ अल-दीन अल-हद्दाद की हत्या के बाद हाल ही में हमास के सैन्य विंग के प्रमुख का पदभार संभाला था। आईडीएफ के अनुसार, ओदेह पिछले सप्ताह गुट के सैन्य प्रमुख बनने से पहले हमास की खुफिया प्रमुख के रूप में कार्यरत था।