सितम्बर 27, 2026 5:06 अपराह्न

printer

गुजरात: गृह मंत्री अमित शाह ने साबरमती में देश की पहली एलएनजी ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज गुजरात में साबरमती में डेढ हज़ार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली रेल विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ साबरमती स्टेशन से देश की पहली एलएनजी-चालित रेलगाड़ी को झंडी दिखाकर रवाना भी किया।

देश की पहली एलएनजी संचालित रेलगाड़ी में डीजल-एलएनजी दोहरे ईंधन प्रणाली का इस्तेमाल किया गया है। इसमें 1400 हॉर्सपावर क्षमता वाले दो ड्राइविंग पावर कार हैं, जो पारंपरिक डीजल की खपत को लगभग 40 प्रतिशत तक कम कर सकते हैं। इस रेलगाड़ी का शुभारंभ भारत के हरित परिवहन और कार्बन उत्‍सर्जन को शून्‍य करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस अवसर पर एक जनसभा में गृहमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारतीय रेलवे में उल्लेखनीय परिवर्तन हुए हैं। श्री शाह ने बताया कि रेलवे में वार्षिक डीजल की खपत 293 करोड़ लीटर से घटकर 108 करोड़ लीटर रह गई है और इसे पूरी तरह समाप्त करने के लिए प्रयास जारी हैं।

उन्होंने कहा कि रेलवे विद्युतीकरण 2010-11 में महज 75 किलोमीटर प्रतिवर्ष था जो बढ़कर लगभग 7 हजार 188 किलोमीटर प्रति वर्ष हो गया है और 99.6 प्रतिशत विद्युतीकरण कार्य हो चुका है।

गृहमंत्री ने आधुनिक रेल अवसंरचना में भारत की तीव्र प्रगति पर जोर दिया, जिसमें उच्च क्षमता वाले इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव, विशिष्ट माल ढुलाई गलियारे और ‘कवच’ जैसी उन्नत स्वदेशी सुरक्षा प्रणालियाँ शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान लोकोमोटिव रखरखाव शेड, स्वचालित सिग्नलिंग सिस्टम का उद्घाटन किया गया और स्वदेशी ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली की आधारशिला रखी गई।