गुजरात के भरूच जिले में एक रासायनिक कारखाने में शक्तिशाली रिएक्टर विस्फोट और उसके बाद जहरीली गैस के रिसाव के कारण पांच कामगारों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। यह घटना कल देर रात वागरा तालुका के सायखा जीआईडीसी क्षेत्र में स्थित सिनज़ील फार्माकेम इकाई में हाइड्रोजनीकरण प्रक्रिया के दौरान हुई। विस्फोट के कारण मेथिलीन डाइक्लोराइड गैस का रिसाव भी हुआ।
घायल कामगारों को तत्काल निकट के अस्पताल में आपातकालीन उपचार के लिए ले जाया गया। दुर्घटना के बाद, गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड- जीपीसीबी, औद्योगिक सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग तथा स्थानीय पुलिस के अधिकारी स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे। विस्फोट के कारण का पता लगाने के लिए संयुक्त जांच की जा रही है।