गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत राज्य सरकार अगले 100 सप्ताहों तक राज्य भर में नशा के खिलाफ कई कार्यक्रम आयोजित करेगी।
सांखली स्थित रवींद्र भवन में एक कार्यक्रम में डॉ. सावंत ने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए नशा मुक्त युवा आबादी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया।
श्री सावंत ने कहा कि नशा मुक्ति के खिलाफ राष्ट्रव्यापी जन भागीदारी अभियान के अंतर्गत राज्य भर में हर रविवार को साप्ताहिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने युवाओं को केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने और अपने तथा राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में काम करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।