अप्रैल 23, 2026 8:17 अपराह्न | Goa government

printer

पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस पर्याप्त: गोवा सरकार

गोवा सरकार ने कहा है कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस पर्याप्त मात्रा में है। राज्‍य सरकार में नागरिक आपूर्ति विभाग के सचिव संजीव गडकर ने आज संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिकों को हाल के वैश्विक भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के मद्देनज़र घबराकर खरीदारी करने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में मार्च महीने में प्रतिदिन 13 हजार से अधिक एलपीजी सिलेंडरों की बुकिंग हुई, जोकि अप्रैल में स्थिर होकर लगभग 8 हजार 9 सौ रह गई। जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला अधिकारियों ने तेल विपणन कंपनियों के सहयोग से 4 सौ 30 से अधिक छापे मारे।

सरकार राज्य में कमजोर समूहों की सहायता के लिए भी कदम उठा रही है। इस महीने प्रवासी श्रमिकों और स्थानीय पते के प्रमाण के बिना छात्रों को लगभग 11 हजार 5-किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर जारी किए गए हैं। गडकर ने कहा कि 90 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ता अब डिजिटल बुकिंग प्रणाली का उपयोग कर रहे हैं, जिससे पारदर्शिता में सुधार हो रहा है। हालांकि एलपीजी की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है, लेकिन पणजी और मडगांव जैसे शहरी क्षेत्रों के निवासियों को दीर्घकालिक विकल्प के रूप में पाइप वाली प्राकृतिक गैस को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।