सितम्बर 25, 2026 6:23 अपराह्न | GI-Tagged Gulbarga Tur Dal

printer

कर्नाटक से मालदीव के लिए जीआई-टैग वाली गुलबर्गा तुअर दाल की पहली खेप रवाना

कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण – एपेडा ने कर्नाटक से मालदीव के लिए जीआई-टैग वाली गुलबर्गा तुअर दाल की एक मीट्रिक टन खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने में सहायता की। मैसूरु स्थित मेसर्स सिल्कन ग्लोबल एक्सपोर्ट्स एंड इम्पोर्ट्स द्वारा किसान उत्पादक संगठन – एफ.पी.ओ के नेतृत्व वाले ब्रांड के माध्यम से कल निर्यात की गई यह खेप समुद्री मार्ग से मालदीव जाएगी। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य भारत के जीआई-टैग वाले कृषि उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों का विस्तार करना और कृषि निर्यात में एफपीओ के नेतृत्व वाले ब्रांडों की भागीदारी को मजबूत करना है।

    मंत्रालय ने आगे कहा कि निर्यात से जुड़ी मूल्य श्रृंखला की एक प्रमुख विशेषता किसानों के लिए बेहतर मूल्य प्राप्‍त करना है, जिससे किसानों को 60 रुपये प्रति किलोग्राम के प्रचलित बाजार मूल्य के मुकाबले 82 रुपये प्रति किलोग्राम की प्राप्ति हो पाती है। यह एफपीओ को निर्यात-उन्मुख मूल्य श्रृंखलाओं में अधिक सक्रिय रूप से भाग लेने और उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है। मंत्रालय ने आगे कहा कि इस निर्यात से मालदीव को गुलबर्गा तुअर दाल की नियमित आपूर्ति का रास्‍ता खुलने की उम्मीद है, जिससे कर्नाटक के उत्पादकों और निर्यातकों के लिए स्थायी बाजार के अवसर पैदा होंगे। इस पहल से किसानों को अधिक लाभ मिलने तथा निर्यात से जुडी मूल्य श्रृंखलाओं से अधिक निकटता से जुड़ने में भी सहायता मिलने की उम्मीद है।