अक्टूबर 13, 2026 7:14 पूर्वाह्न

printer

नई दिल्‍ली: भारत की मेजबानी में होगी बिम्सटेक गृह मंत्रियों की पहली बैठक

भारत आज नई दिल्‍ली में बिम्सटेक गृह मंत्रियों की पहली बैठक की मेजबानी करेगा। बैठक में आतंकवाद, अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध, मादक पदार्थ, कट्टरपंथ, तस्‍करी, अवैध वित्तीय लेनदेन और साइबर खतरों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह बैठक आतंकवाद और संगठित अपराध जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए बिम्सटेक देशों के साझा संकल्प को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सभी देश आपसी समन्वय के माध्यम से बिम्सटेक क्षेत्र को अधिक सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग पहल-बिम्सटेक एक क्षेत्रीय संगठन है जिसमें बांग्लादेश, भूटान, भारत, म्यांमा, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड शामिल है। इसका उद्देश्य बंगाल की खाड़ी से लगे देशों और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक तथा तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देना है। बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद इस दो दिवसीय बैठक में शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह गृह मामलों के वरिष्ठ सचिव मंजूर मुर्शिद चौधरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बैठक में भाग लेगा।