अक्टूबर 2, 2026 9:01 पूर्वाह्न

printer

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती आज, राजघाट और साबरमती आश्रम में सर्वधर्म प्रार्थना आयोजित

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर आज पूरा देश उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। इस अवसर पर देशभर में तथा विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित उनकी समाधि राजघाट पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह राजघाट स्थित महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

गांधी जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी का संपूर्ण जीवन सत्‍य, अंहिसा, करूणा और सेवा का प्रकाश पुंज है। सोशल मीडिया पोस्‍ट पर श्री मोदी ने कहा कि सभी युगों में बापू के आदर्श मानवता के लिए पथ प्रदर्शक बने रहेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि महात्‍मा गांधी के संदेश बेहतर समाज बनाने और विकसित भारत का लक्ष्‍य प्राप्‍त करने में देश के लोगों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर गुजरात में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल पोरबंदर स्थित महात्मा गांधी के जन्मस्थान कीर्ति मंदिर में आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल होंगे। अहमदाबाद के साबरमती आश्रम में भी सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया जाएगा। राज्य भर में बड़े पैमाने पर स्वच्छता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्‍त राज्य सरकार ने खादी और पॉलीवस्त्र के उत्पादन पर तीस प्रतिशत विशेष बाजार प्रोत्साहन-एस.आई.पी. की घोषणा की है।