इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने बताया है कि उसके रिटेल नेटवर्क में ईंधन की आपूर्ति स्थिर बनी हुई है और देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। सोशल मीडिया पोस्ट में इंडियन ऑयल ने स्पष्ट किया है कि उसने रिटेल आउटलेट्स पर ईंधन की राशनिंग यानी सीमित बिक्री के लिए कोई निर्देश जारी नहीं किया है और पूरे देश में आपूर्ति का काम बिना किसी रुकावट के चल रहा है। कंपनी ने यह भी बताया कि हाल के दिनों में ईंधन की मांग में जो बढ़ोतरी हुई है, उसकी मुख्य वजह कटाई के मौसम में डीज़ल की खपत का बढ़ जाना है। इंडियन ऑयल ने यह भी कहा है कि मांग में यह अतिरिक्त दबाव इसलिए भी बढ़ा है, क्योंकि ग्राहक निजी रिटेलरों की तुलना में इंडियन ऑयल के रिटेल आउटलेट्स पर मिलने वाले कम दामों की वजह से अब उसकी तरफ़ रुख़ कर रहे हैं। इंडियन ऑयल ने ग्राहकों से अपील की है कि वे अफरा तफरी में ज़रूरत से ज़्यादा ईंधन न खरीदें और सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक संचार माध्यमों पर ही भरोसा करें। इंडियन ऑयल ने पूरे देश में भरोसेमंद तरीके से ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर दोहराया है।
News On AIR | मई 21, 2026 9:32 अपराह्न
रिटेल नेटवर्क में ईंधन की आपूर्ति स्थिर, देश में ईंधन की कोई कमी नहीं: इंडियन ऑयल