चौथा उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार, निर्माण और निर्यात के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल व्यापार मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को देश-विदेश से आने वाले खरीदारों, निवेशकों, उद्यमियों तथा प्रतिनिधियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। व्यापार मेले में इस बार छह देश – जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस के प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे। इस दौरान विशेष फोयर पवेलियन, द्विपक्षीय कारोबारी सत्र और व्यापारिक बैठके आयोजित की जाएंगी। फियो और विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों के समन्वय से 72 देशों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के मेले में पहुंचने की संभावना है।
मुख्यमंत्री योगी ने यातायात, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।