रूस में ड्रोन हमले में एक भारतीय मज़दूर सहित चार लोगों की मौत हो गई है। इसे पिछले एक वर्ष के आसपास, मॉस्को और करीबी इलाकों पर यूक्रेन द्वारा किया गया सबसे बड़ा ड्रोन हमला बताया जा रहा है।
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि रात भर हुए हमलों में कम से कम 12 लोग घायल हो गए, जबकि रूसी अधिकारियों ने दावा किया कि मॉस्को को निशाना बनाने वाले 81 ड्रोन को रोक दिया गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने ड्रोन हमलों की पुष्टि करते हुए इन्हें पूरी तरह से सही ठहराया।
इस बीच, रूस में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मॉस्को क्षेत्र में ड्रोन हमले में एक भारतीय मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। दूतावास ने बताया कि अधिकारियों ने हमले वाली जगह का दौरा किया है और अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की है। दूतावास ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर सहायता उपलब्ध करा रहा है।
यह हमला रूस द्वारा हाल ही में कीव पर किए गए बड़े मिसाइल और ड्रोन हमले के कुछ दिन बाद हुआ है, जिसमें कम से कम 24 लोगों की मौत हुई थी। <