दिल्ली सरकार ने त्योहारों के मौसम से पहले राष्ट्रीय राजधानी के प्रमुख खाद्य बाजारों में प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत 2300 किलोग्राम से अधिक लावारिस खोया, ढाप और मक्खन जब्त किया गया। जब्त की गई खाद्य पदार्थों को खाद्य सुरक्षा तथा मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत मजनू का टीला स्थित एमसीडी डंपिंग साइट पर नष्ट कर दिया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि खाद्य सामग्री दुर्गंधयुक्त और खराब अवस्था में थी और अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में लावारिस पाई गई। श्री सिंह ने खाद्य सुरक्षा विभागों को निर्देश दिया है कि वे गहन निरीक्षण जारी रखें और पूरे त्योहारों के मौसम में कड़ी निगरानी रखें।