अक्टूबर 5, 2026 10:24 अपराह्न

printer

पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए 34 ज़िलों में उड़न दस्‍ते तैनात

पंजाब और हरियाणा में धान की पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए, राष्‍ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आस-पास के इलाकों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्‍यूएम) ने इन राज्यों के 34 ज़िलों में उड़न दस्‍ते तैनात किए हैं। इसके साथ ही ज़मीनी स्तर पर निगरानी व्‍यवस्‍था को और मज़बूत किया है।

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने बताया कि 1 अक्‍तूबर से 30 नवंबर तक पंजाब के 18 ज़िलों और हरियाणा के 16 ज़िलों में उड़न दस्‍ते तैनात किए गए हैं। मंत्रालय ने कहा कि ये दस्‍ते  अपने-अपने ज़िलों में ज़मीनी हालात का निरीक्षण करेंगे और संबंधित अधिकारियों के साथ काम करेंगे।

ये टीमें किसानों, पराली सुरक्षा बल, ज़िला-स्तरीय अधिकारियों, राज्य सरकार के नोडल अधिकारियों, संबंधित राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों और संदर्भित विभागों के साथ मिलकर काम करेंगी।

मंत्रालय ने इस बात पर ज़ोर दिया कि ज़मीनी स्तर पर मज़बूत किए गए इस तंत्र का उद्देश्‍य ज़मीनी हालात का समय पर जायज़ा लेना, लागू करने वाली एजेंसियों के बीच बेहतर समन्‍वय बिठाना और कटाई के मौसम में पराली जलाने की घटनाओं से निपटने के लिए तुरंत रोकथाम उपाय करना है।