आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन ने कहा कि बदलते समय में भी आकाशवाणी आइजोल, मिजोरम के लोगों के लिए सूचना का एक विश्वसनीय स्रोत और मार्गदर्शक बना हुआ है।
आकाशवाणी आइजोल की हीरक जयंती के अवसर पर अपने संदेश में श्री जैन ने कहा कि आकाशवाणी ने एक विश्वसनीय सार्वजनिक प्रसारक के रूप में पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी ने राष्ट्र की विविध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने और इसकी समृद्ध परंपराओं को प्रदर्शित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
महानिदेशक ने आकाशवाणी आइजोल के 60 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि सार्वजनिक सेवा प्रसारण में स्टेशन का योगदान अनुकरणीय रहा है और समाज पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। उन्होंने आकाशवाणी आइजोल को मिजो पहचान और संस्कृति के संरक्षण तथा संवर्धन के लिए एक महत्वपूर्ण संस्था बताया। श्री जैन ने आकाशवाणी आइजोल को आने वाले वर्षों में निरंतर प्रगति और सफलता के लिए भी शुभकामनाएं दीं हैं।