अगस्त 22, 2026 11:45 पूर्वाह्न

printer

ग्रामीण विकास मंत्रालय की सशक्त समिति ने की समीक्षा बैठक

ग्रामीण विकास मंत्रालय की सशक्त समिति ने आज नई दिल्ली में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के गैर-कृषि आजीविका घटक के अन्‍तर्गत प्रस्तावों की समीक्षा की। बैठक का उद्देश्य महिलाओं के नेतृत्व वाले ग्रामीण उद्यमों को मजबूत और व्यापक बनाना तथा स्वयं सहायता समूहों के छोटे उद्यमों को आगे बढ़ाकर विकासोन्मुख व्यवसायों में बदलने का मार्ग तैयार करना था।
 
बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण विकास सचिव रोहित कंसल ने की। इस दौरान ग्रामीण महिलाओं के लिए उद्यमिता आधारित आजीविका के अवसरों में तेजी लाने और देश में 6 करोड़ लखपति दीदियां बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य में योगदान देने पर चर्चा हुई।
 
समिति ने बिहार, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और गुजरात से चार नए इनक्यूबेटर प्रस्तावों पर भी विचार किया। इन प्रस्तावों में आईआईटी पटना, आईआईएम जम्मू, आईआईएम लखनऊ और आईआईटी गांधीनगर को प्रस्तावित इनक्यूबेटर साझेदार बनाया गया है।