त्रिपुरा में निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर का कार्यक्रम संशोधित किया है। राज्य में 28 सितंबर को होने वाले ग्राम समिति चुनावों को देखते हुए विभिन्न राजनीतिक दलों, जिनमें सत्तारूढ़ भाजपा भी शामिल है, ने एसआईआर को स्थगित करने की मांग की थी। राज्य में एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए एसआईआर की प्रक्रिया पहले पांच सितंबर से शुरू होनी थी, जिसे अब स्थगित कर दिया गया है।
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कल बताया कि निर्वाचन आयोग के नए कार्यक्रम के अनुसार, बूथ लेवल अधिकारी-बीएलओ छह नवंबर से पांच दिसंबर 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। मतदाता सूची का प्रारूप 12 दिसंबर 2026 को प्रकाशित किया जाएगा।
दावे और आपत्तियां दर्ज करने तथा उनके निपटारे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची 15 फरवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।