सिंगापुर यात्रा के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सुप्रसिद्ध शहर सनटेक सिटी का व्यापक अवलोकन किया। उन्होंने शहर का कन्वेंशन सेंटर, निर्माण तकनीकें, आधुनिक अभियांत्रिकी और संचालन प्रणाली का अवलोकन किया। श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार गुरुग्राम में लगभग 25 एकड क्षेत्र में विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि सनटेक सिटी की कन्वेंशन सुविधाओं के अध्ययन से हरियाणा को गुरुग्राम परियोजना के लिए श्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय परिपाटियां अपनाने में मदद मिलेगी।
गुरुग्राम में प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी और आधुनिक इंजीनियरिंग से बनाया जाएगा। यहां प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, कारोबारी बैठकें, प्रदर्शनी और अन्य विश्वस्तरीय आयोजन किए जा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से गुरुग्राम की अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत होगी तथा हरियाणा में निवेश और करोबारी गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।