अक्टूबर 10, 2026 9:39 अपराह्न

printer

नवरात्रि के चलते 20 अक्टूबर तक झंडेवालान मंदिर के आसपास यातायात प्रभावित रहने की संभावना

दिल्ली यातायात पुलिस ने बताया कि झंडेवालान मंदिर में नवरात्रि के मद्देनज़र आज से 20 अक्टूबर तक रानी झांसी रोड और आसपास के मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। पुलिस ने लोगों को इस दौरान रानी झांसी रोड से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। नई दिल्ली से करोल बाग जाने वाले वाहन चालक पंचकुइयां मार्ग और बग्गा मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं, वहीं तीस हजारी से वंदे मातरम मार्ग और करोल बाग जाने वाले वाहन चालक नई रोहतक रोड से जा सकते हैं। इसके अलावा, नई दिल्ली से अंतरराज्यीय बस अड्डे जाने वाले यात्रियों को मिंटो रोड और राजघाट के रास्ते जाने की सलाह दी गई है। यातायात पुलिस के अनुसार, पंचकुइयां गोल चक्कर और झंडेवालान गोल चक्कर पर भी यातायात में बदलाव किए जाएंगे। लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और सुगम यातायात के लिए पुलिस के निर्देशों का पालन करें।