युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज ब्रिक्स देशों के मंत्रियों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ आंध्र प्रदेश में विशाखापत्तनम के निकट ऐतिहासिक थोटलकोंडा बौद्ध विरासत स्थल का दौरा किया। प्रतिनिधियों ने महास्तूप, ध्यान केंद्रों, कुओं और रसोई क्षेत्रों सहित प्राचीन बौद्ध अवशेषों को देखा। उन्हें स्थल के ऐतिहासिक महत्व और सदियों पहले यहां रहने वाले बौद्ध भिक्षुओं के जीवन के बारे में जानकारी दी गई। डॉ. मांडविया ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत थोटलकोंडा में पौधारोपण भी किया।
केंद्रीय मंत्री ने थोटलकोंडा की समृद्ध बौद्ध विरासत की सराहना करते हुए कहा कि भारत की बौद्ध विरासत पूरे विश्व के लिए महत्वपूर्ण है। यह दौरा भारत की वर्ष 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत विशाखापत्तनम में आयोजित कार्यक्रमों का हिस्सा है। इसमें 11 ब्रिक्स देशों के मंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
ब्रिक्स देशों के युवा मंत्रियों की बैठक आज शाम विशाखापत्तनम में होगी। डॉ. मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में युवा विकास और सशक्तीकरण के क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने के उपायों पर चर्चा होगी। इसमें शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता, कल्याण और सतत विकास पर विशेष जोर रहेगा।
ब्रिक्स देशों के खेल मंत्रियों की बैठक कल विशाखापत्तनम में होगी। बैठक में खेल के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा होने की उम्मीद है।
इन बैठकों से विभिन्न देशों के अनुभव साझा करने, व्यावहारिक सहयोग के क्षेत्रों की पहचान करने और युवाओं की भागीदारी, खेलों के विकास तथा समावेशी विकास के लिए सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।