2026 के मध्यावधि चुनावों के बाद पूरे अमरीका में वोटों की गिनती चल रही है। अभी तक आ रहे परिणामों में डेमोक्रेट्स ने राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी पर प्रारंभिक बढ़त बना ली है। अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, डेमोक्रेट्स ने सीनेट में 10, प्रतिनिधि सभा में दो और गवर्नर के छह पदों पर जीत हासिल की हैं, जबकि रिपब्लिक पार्टी ने सीनेट में तीन सीटें और गवर्नर पद पर एक जीत हासिल की है।
सीनेट की दौड़ में, वर्जीनिया से डेमोक्रेटिक पार्टी के मौजूदा सीनेटर मार्क वार्नर ने रिपब्लिकन उम्मीदवार बर्ट मिजुसावा को हराकर चौथी बार जीत हासिल की है। जॉर्जिया में, डेमोक्रेटिक पार्टी के जॉन ओसॉफ ने रिपब्लिकन माइक कॉलिन्स को हराकर सीनेट का चुनाव फिर से जीत लिया है। ओसॉफ ऐसे एकमात्र डेमोक्रेटिक सीनेटर थे जो उस राज्य से पुनः चुनाव लड़ रहे थे जिसे 2024 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने जीता था।
डेलावेयर में, डेमोक्रेटिक पार्टी के मौजूदा सीनेटर क्रिस कून्स ने रिपब्लिकन माइक काट्ज़ को हराकर सीनेट में अपना तीसरा पूरा कार्यकाल हासिल किया। इसी प्रकार, रोड आइलैंड में डेमोक्रेटिक पार्टी के मौजूदा सीनेटर जैक रीड ने रिपब्लिकन रेमंड मैके को हरा दिया, जिससे उनका सीनेट में छठा कार्यकाल पक्का हो गया। न्यू जर्सी में भी डेमोक्रेटिक सीनेटर कोरी बुकर ने जीत हासिल की है। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार जस्टिन मर्फी को हराया। फ्लोरिडा में, डेमोक्रेटिक पार्टी की डेबी वासरमैन शुल्त्ज़ ने 20वें संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से अमरीकी प्रतिनिधि सभा का चुनाव फिर से जीत लिया है। उन्होंने रिपब्लिकन ब्रेंट एंडरसन को हराया। वह फ्लोरिडा से प्रतिनिधि सभा के लिए चुनी जाने वाली पहली यहूदी महिला हैं।
संघीय राजनीति में आने से पहले, वह राज्य की विधायिका के दोनों सदनों में काम कर चुकी हैं। वहीं, इलिनोइस में डेमोक्रेटिक पार्टी को दो बड़ी जीतें मिलीं। गवर्नर जेबी प्रित्ज़कर ने रिपब्लिकन डैरेन बेली को हराकर अपना तीसरा कार्यकाल पक्का कर लिया, जबकि लेफ्टिनेंट गवर्नर जूलियाना स्ट्रैटन ने रिपब्लिकन डॉन ट्रेसी को हराकर सीनेट की दौड़ जीत ली। स्ट्रैटन, डेमोक्रेटिक सीनेटर डिक डर्बिन की जगह लेंगी, जो पांच कार्यकाल पूरे कर चुके हैं। वह अमेरिकी सीनेट में इलिनोइस का प्रतिनिधित्व करने वाली दूसरी अश्वेत महिला हैं।
पेंसिल्वेनिया में, डेमोक्रेटिक गवर्नर जोश शापिरो ने रिपब्लिकन उम्मीदवार स्टेसी गैरीटी को हराकर अपना दूसरा कार्यकाल हासिल किया। शापिरो इससे पहले राज्य के अटॉर्नी जनरल के रूप में दो कार्यकाल पूरे कर चुके हैं और उन्हें 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी का संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है। मैरीलैंड के गवर्नर वेस मूर ने भी रिपब्लिकन डैन कॉक्स को हराकर फिर से जीत हासिल की। 2022 में जीत के बाद राज्य के पहले अश्वेत गवर्नर बनकर इतिहास रचने वाले मूर को भी 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है।
इस बीच, न्यू हैम्पशायर में डेमोक्रेट क्रिस पैपास ने रिपब्लिकन जॉन सुनुनु को हराकर अमरीकी सीनेट की दौड़ जीत ली। नॉर्थ कैरोलिना में, डेमोक्रेट रॉय कूपर ने भी रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी माइकल व्हैटली को हराकर सीनेट चुनाव में जीत हासिल की। रिपब्लिकन शेली मूर कैपिटो ने डेमोक्रेट राचेल फेट्टी एंडरसन को हराकर वेस्ट वर्जीनिया का प्रतिनिधित्व करते हुए अमेरिकी सीनेट के लिए फिर से चुनाव जीता। व्योमिंग में, रिपब्लिकन हैरियट हेजमैन ने भी डेमोक्रेट जेम्स बर्ड को हराकर सीनेट में जीत हासिल की। वहीं, डेमोक्रेट जॉन हिकेनलूपर ने रिपब्लिकन मार्क बैस्ले को हराकर कोलोराडो में फिर से चुनाव जीता है जबकि डेमोक्रेट बेन लुजान ने भी रिपब्लिकन लैरी ई. मार्कर को हराकर न्यू मैक्सिको में जीत हासिल की है।
गवर्नर के चुनावों में इलिनोइस के डेमोक्रेट जेबी प्रित्ज़कर, न्यूयॉर्क के कैथी होचुल, कोलोराडो के फिल वीज़र, रोड आइलैंड के हेलेना फॉल्क्स, पेंसिल्वेनिया के जोश शापिरो और मैरीलैंड के वेस मूर ने चुनाव जीता। रिपब्लिकन एरिक बार्लो ने डेमोक्रेट केनेथ कैसनर को हराकर व्योमिंग के गवर्नर पद की दौड़ जीत ली। इस बीच, अमरीकी सदन की दौड़ में, फ्लोरिडा के डेमोक्रेट डेबी वासरमैन शुल्त्स और उत्तरी कैरोलिना के जेमी एगर ने अपने रिपब्लिकन विरोधियों को हराकर जीत हासिल की।