अक्टूबर 19, 2026 8:52 अपराह्न

printer

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री ने एनडीएमसी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आज राजधानी में प्रदूषण नियंत्रण उपायों की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए नई दिल्‍ली नगर पालिका परिषद-एनडीएमसी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाई-राइज़ इमारतों में लगाए गए एंटी-स्मॉग गन और वॉटर मिस्ट सिस्टम की स्थापना और संचालन की स्थिति की जांच की।

मीडिया से बातचीत में श्री सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति के निर्देशों के अनुसार ग्राउंड प्लस पांच या उससे ऊंची व्यावसायिक, संस्थागत तथा हॉस्पिटैलिटी इमारतों में निर्धारित प्रदूषण नियंत्रण उपायों का अनुपालन अनिवार्य है।

श्री सिरसा ने बताया कि पहली नवंबर से बीएस – VI से कम उत्सर्जन मानक वाले वाहनों के दिल्ली में प्रवेश को लेकर निर्धारित प्रतिबंध लागू होंगे। उन्‍होंने बताया कि आगामी सर्दियों के लिए अग्रिम विंटर प्रोटोकॉल अधिसूचित किया गया है, जिसमें गैर-बीएस VI बाहरी वाहनों पर रोक, पार्किंग शुल्क दोगुना करना और 50 प्रतिशत वर्क फ्रॉम होम जैसे प्रावधान शामिल हैं। साथ ही श्री सिरसा ने दिल्लीवासियों से वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।