अक्टूबर 10, 2026 6:56 अपराह्न

printer

दिल्ली: करमपुरा-मोती नगर फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य, 10 से 29 अक्टूबर तक यातायात रहेगा प्रभावित

दिल्ली यातायात पुलिस ने बताया है कि करमपुरा-मोती नगर फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य के कारण 10 से 29 अक्टूबर तक यातायात प्रभावित रहेगा। मरम्मत कार्य के दूसरे चरण में शादीपुर और कीर्ति नगर से करमपुरा-मोती नगर की ओर जाने वाले फ्लाईओवर का कैरिजवे बंद रहेगा, वहीं सर्विस रोड पर यातायात जारी रहेगा। पुलिस ने यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है। पटेल नगर और करोल बाग से पंजाबी बाग जाने वाले वाहन चालक गोस्वामी गिरधारी लाल मार्ग लेकर रिंग रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, शादीपुर और कीर्ति नगर से मोती नगर जाने वाले वाहन चालक सतगुरु राम सिंह मार्ग, भीमसेन धिंगरा रोड और शिवाजी मार्ग से होकर जा सकते हैं। दिल्ली यातायात पुलिस ने यात्रियों से यात्रा की योजना पहले से बनाने, अतिरिक्त समय लेकर चलने और मौके पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।