अक्टूबर 10, 2026 2:32 अपराह्न

printer

दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के बीच सुरक्षा के कडे इंतजाम किए

नई दिल्ली में आज जंतर-मंतर पर सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक और कड़े इंतजाम किए हैं। नई दिल्ली जिले में कई जांच चौकियों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस के उपायुक्त कुमार अभिषेक ने मीडिया को बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है और सुरक्षा के लिहाज से एहतियाती जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि आज के प्रदर्शन में शामिल होने के प्रयास में कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।

इस बीच, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के उपायुक्त विकास कुमार ने कहा है कि नई दिल्ली क्षेत्र में यातायात नियंत्रण के कारण वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस के जवान विभिन्न रास्तों पर आम जनता का मार्गदर्शन भी कर रहे हैं ताकि उन्हें आने-जाने में कोई परेशानी न हो। वहीं सुरक्षा कारणों से, आज शाम 6 बजे तक दिल्ली के 45 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास द्वार बंद रहेंगे। इन स्टेशनों में जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, नई दिल्ली, सेवा तीर्थ और मंडी हाउस शामिल हैं।

नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को छोड़कर अन्य सभी संबंधित स्टेशनों पर ट्रेन बदलने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, दिल्ली में सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशनों के बीच नमो भारत ट्रेन सेवाएं भी आज रात 10 बजे तक बंद रहेंगी। हालांकि, इस दौरान दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन से उत्तर प्रदेश के मोदीपुरम स्टेशन के बीच नमो भारत ट्रेन सेवाएं अपने निर्धारित समय के अनुसार चलती रहेंगी।