दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की उत्तरी रेंज ने आईएसआई समर्थित, पाकिस्तान स्थित एक जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में दिल्ली के एक दंपति को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि ये 2024 से सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों (पीआईओ) के लिए काम कर रहे हैं।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि ये दंपति कथित तौर पर पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स को लॉजिस्टिकल सहायता प्रदान करते थे। इसमें भारतीय सिम कार्ड खरीदना और उन्हें दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजना शामिल था। इन सिम कार्डों का इस्तेमाल पाकिस्तानी एजेंट व्हाट्सएप अकाउंट बनाने और भारतीयों से संपर्क करने के लिए करते थे। इस नेटवर्क में भारतीय सिम कार्ड खरीदने में मदद के लिए दिल्ली के स्थानीय लोगों को भर्ती किया था। इसके बाद पाकिस्तान में इन नंबरों पर व्हाट्सएप अकाउंट बनाए जाते थे। कथित तौर पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंट भारतीय व्हाट्सएप ग्रुप में घुसकर जानकारी जुटाने के लिए इनका इस्तेमाल करते थे।