अगस्त 18, 2026 6:44 पूर्वाह्न

printer

दिल्ली में मेडिकल यूजी और पीजी सीटों की संख्या बढ़ाएगी जाएंगी, सरकार ने बनाई योजना

दिल्ली सरकार ग्रैजुएट, पोस्ट ग्रैजुएट और सुपर-स्पेशियलिटी मेडिकल सीटों के चरणबद्ध विस्तार के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा क्षमता बढ़ाने के लिए तैयार है। इस योजना के तहत सरकार तीन-स्तरीय प्रयास करेगी, जिसमें ग्रीनफील्ड परियोजनाएं, मौजूदा संस्थानों का ब्राउनफील्ड विस्तार तथा स्नातकोत्तर और उन्नत चिकित्सा कार्यक्रमों का विस्तार शामिल है।

इसके तहत, इंदिरा गांधी अस्पताल, द्वारका और गुरु गोविंद सिंह अस्पताल से संबद्ध निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों में से प्रत्येक में 150 एम.बी.बी.एस. सीटें प्रस्तावित हैं, जिससे स्नातक स्तर पर 300 नई सीटें जुड़ेंगी। डॉ. बी.एस.ए. मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एमबीबीएस सीटों की क्षमता 125 से बढ़ाकर 200 करने और मौलाना आजाद दंत विज्ञान संस्थान में बीडीएस की सीटों की संख्या 50 से बढ़ाकर 70 करने का प्रस्ताव है।

स्नातकोत्तर शिक्षा के लिए, एमएएमसी में स्नातकोत्तर सीटों की संख्या 260 से बढ़ाकर 295 करने जबकि एम.ए.आई.डी.एस. में स्नातकोत्तर सीटों की संख्या 22 से बढ़ाकर 42 करने का प्रस्ताव है। इसके अतिरिक्त, बी.एस.ए. मेडिकल कॉलेज में 24 नई स्नातकोत्तर सीटों का प्रस्ताव है।

दिल्ली के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के विस्तार का उद्देश्य दिल्ली के नागरिकों की सेवा के लिये प्रशिक्षित डॉक्टरों और विशेषज्ञों का सतत समूह तैयार करना है।