अक्टूबर 11, 2026 7:22 अपराह्न

printer

दिल्ली सरकार महिलाओं और ट्रांसजेंडरों के लिए ‘दुर्गा’ ई-ऑटो योजना शुरू करेगी

दिल्ली सरकार महिलाओं और ट्रांसजेंडरों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सतत स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए दुर्गा – ड्राइविंग, उत्थान और रोज़गार ई-ऑटो योजना शुरू करने जा रही है। इस योजना के अंतर्गत पहले चरण में 1300 पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो आवंटित किए जाएंगे। इनमें से 1170 इलेक्ट्रिक ऑटो महिला लाभार्थियों के लिए और 130 ऑटो ट्रांसजेंडर लाभार्थियों के लिए आरक्षित होंगे। योजना के पहले चरण में पूरी दिल्ली में जिले-वार तय कोटे और पात्रता की शर्तों के अंतर्गत प्रत्येक राजस्व जिले में महिलाओं के लिए करीब 90 इलेक्ट्रिक ऑटो और ट्रांसजेंडर लाभार्थियों के लिए लगभग 10 इलेक्ट्रिक ऑटो आवंटित किए जाएंगे।

दिल्ली सरकार ने कहा कि इस योजना के माध्यम से राजधानी की महिलाओं और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को इलेक्ट्रिक ऑटो का मालिक और ड्राइवर बनने का अवसर प्राप्‍त   होगा, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी और साथ ही राजधानी दिल्ली में स्वच्छ शहरी परिवहन को मजबूती मिलेगी। दिल्ली सरकार ने बताया कि इस योजना में प्राप्त आवेदनों की जांच संबंधित ज़िला मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता वाली ज़िला-स्तरीय कमेटियां करेंगी। यह जाँच प्रत्येक हफ्ते की जाएगी और पात्र आवेदकों की संख्या ज़िले के उपलब्ध कोटे से ज़्यादा होने पर ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत दुर्गा इलेक्ट्रिक ऑटो के पंजीकृत  मालिकों को पहचान पत्र, दुर्गा जैकेट और कैप भी प्रदान किये जाएंगे। साथ ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चुने गए लाभार्थियों को आशय का पत्र भी जारी किया जाएगा।