दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारी मौसम से पहले निरीक्षण गतिविधियों को तेज कर दिया है। विभाग ने ओखला सब्जी मंडी में निरीक्षण के दौरान पांच सौ किलोग्राम से अधिक मिलावटी पनीर नष्ट कर दिया और खाद्य सुरक्षा तथा मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने पिछले 48 घंटों में दिल्ली के विभिन्न जिलों से खाद्य पदार्थों के 22 नमूने एकत्र किए हैं और उन्हें विश्लेषण के लिए प्रयोगशालाओं में भेजा है। विभाग ने कहा कि खाद्य सुरक्षा तथा मानक अधिनियम, नियमों और विनियमों के अनुसार परीक्षण रिपोर्टों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि खाद्य सुरक्षा दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है। विशेष रूप से त्योहारी मौसम के दौरान जब दूध उत्पादों, पनीर, मिठाइयों, खाद्य तेलों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग में काफी वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार खाद्य गुणवत्ता से समझौता करने और नागरिकों के स्वास्थ्य को खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। श्री सिंह ने कहा कि खाद्य प्रतिष्ठानों, बाजारों और आपूर्ति केंद्रों के निरीक्षण, नमूना लेने और निगरानी के लिए प्रत्येक जिले में टीमें तैनात हैं।