दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर शहर के सभी वरिष्ठ नागरिकों को शुभकामनाएं दी। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्रीमती गुप्ता ने कहा कि वरिष्ठजनों का अनुभव समाज की अमूल्य पूंजी है और उनका आशीर्वाद सरकार की शक्ति है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते डेढ़ वर्ष में आयुष्मान वय वंदना योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपए तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से घर के पास बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली का हर वरिष्ठजन स्वस्थ, सुरक्षित और सम्मान के साथ जीवन जिए, यही सरकार की प्रतिबद्धता है। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार वरिष्ठजनों के सम्मान, स्वास्थ्य और गरिमापूर्ण जीवन के संकल्प को दोहराती है।