दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘दिल्ली उद्योग मित्र पोर्टल’ का शुभारंभ किया। यह पोर्टल दिल्ली में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के इकोसिस्टम को मजबूत करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसके माध्यम से उद्यमियों, व्यापारियों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, औद्योगिक इकाइयों और निवेशकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं और अनुमतियों तक एक ही डिजिटल इंटरफेस के माध्यम से आसान पहुंच मिलेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार आगे भी पोर्टल में और अधिक सेवाओं को जोड़ने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और डिजिटल परिवर्तन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेगी।
दिल्ली के उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि यह पोर्टल उद्यमियों को एक ही पहचान के माध्यम से लाइसेंस, अनापत्ति प्रमाणपत्र और कारोबार से जुड़ी अन्य सेवाओं के लिए एकल-खिड़की सुविधा उपलब्ध कराता है। उन्होंने बताया कि अभी तक 15 विभागों को पोर्टल से जोड़ा जा चुका है और 50 से अधिक सरकारी सेवाएं उपलब्ध हैं। श्री सिरसा ने कहा कि अगले महीने तक 21 विभागों की 100 से अधिक सेवाओं को इस पोर्टल पर लाने का लक्ष्य रखा गया है।