दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में ‘दिल्ली ईवी सब्सिडी पोर्टल’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी-2026’ की आधिकारिक पुस्तिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार स्वच्छ, आधुनिक और सतत परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी-2026’ स्वच्छ वायु, प्रदूषण नियंत्रण, ऊर्जा सुरक्षा और हरित अर्थव्यवस्था की दिशा में दिल्ली सरकार का एक दूरदर्शी और परिवर्तनकारी कदम है। मुख्यमंत्री ने बताया कि ईवी पोर्टल के माध्यम से पात्र लाभार्थी वाहन खरीदने और आरसी प्राप्त होने के 30 दिनों के भीतर आवेदन कर सकेंगे।
इसके बाद 60 दिनों के भीतर डीबीटी के माध्यम से सब्सिडी उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार अगले चार वर्षों में नई ईवी नीति के क्रियान्वयन पर 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगी।
इस नई नीति के तहत इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों पर 30 हजार रुपये तक, इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों पर 50 हजार रुपये तक और एन-1 श्रेणी के इलेक्ट्रिक ट्रकों पर एक लाख रुपये तक का प्रोत्साहन दिया जाएगा, जबकि पुरानी प्रदूषणकारी गाड़ियों की स्क्रैपिंग पर भी विभिन्न श्रेणियों के अनुसार विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली ईवी सब्सिडी पोर्टल को नागरिकों के लिए सरल, तेज, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है ताकि पात्र लाभार्थी घर बैठे ही सभी सेवाओं का लाभ उठा सकें। पूरी प्रक्रिया पेपरलेस, पारदर्शी और सिटीज़न सेंट्रिक बनाई गई है। प्रादेशिक समाचार के लिए नीतिका गुप्ता।