मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में दिल्ली के विभिन्न महाविद्यालयों की छात्रा प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। बैठक में छात्राओं ने अपने-अपने महाविद्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक परिवहन, सीसीटीवी निगरानी और शिकायत निवारण व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए। श्रीमती गुप्ता ने छात्राओं के सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं द्वारा साझा किए गए सुझावों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि छात्राओं और संबंधित अधिकारियों के बीच संवाद और समन्वय के लिए बनाया गया वॉट्सऐप ग्रुप सक्रिय रहेगा, जिससे छात्राओं से जुडी समस्याओं की समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
इसके आलावा, मुख्यमंत्री ने छात्राओं को आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में इस नंबर के माध्यम से पुलिस और संबंधित आपातकालीन सेवाओं से सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बताया कि राजधानी में लगभग एक लाख स्मार्ट स्ट्रीट लाइट लगाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिन्हें एकीकृत कमांड और कंट्रोल सेंटर से जोड़ा जाएगा। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार नारी शक्ति की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।