दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत द्वारका से विभिन्न शैक्षणिक और तकनीकि शिक्षा परियोजना का उद्घाटन तथा शिलान्यास किया। इस अवसर पर श्रीमती गुप्ता ने द्वारका सेक्टर 16 में नवनिर्मित सरकारी सह-शिक्षा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का उद्घाटन किया, साथ ही नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पूर्व परिसर में छात्राओं के लिए छात्रावास और तीन औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में हाईटेक सेंटर ऑफ एक्सलेंस का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान ओखला में जी. बी पंत एकीकृत कॉलेज एण्ड पॉलिटेक्निक और नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में उन्नत विनिर्माण प्रयोगशाला तथा संकाय कार्यालय भवन का भी शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि द्वारका में नवनिर्मित सरकारी सह-शिक्षा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कक्षा छठी से 12वीं तक के दो हजार विद्यार्थियों की क्षमता है। जिसमें विज्ञान, कॉमर्स और संकाय उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि परिसर में 75 कैमरे, स्मार्ट कक्षाएं, विशेष प्रयोगशालाएं और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की सुविधाएं विकसित की गई हैं।
इसके अलावा, 120 छात्राओं की क्षमता वाला छात्रावास का शुभारंभ नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के पूर्व परिसर में किया गया। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि इस छात्रावास से दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करना आसान होगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं को उद्योगों की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से आईटीआई जहांगीरपुरी, धीरपुर और नरेला में हाईटेक सेंटर ऑफ एक्सेलेंस का उद्घाटन किया। इन केंद्रों में औद्योगिक स्वचालन, थ्रीडी स्कैनिंग, स्मार्ट एनर्जी और सौर तकनीक जैसी उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।