रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज तीसरे पहर वियतनाम की राजधानी हनोई पहुंचे। वे आज से दो देशों- वियतनाम और दक्षिण कोरिया की यात्रा पर हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में रक्षा मंत्री ने कहा कि वे द्विपक्षीय संबंधों का और विस्तार करने के लिए दो एशियाई देशों की यात्रा करने के उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान सामरिक सहयोग बढ़ाने, रक्षा-औद्योगिक साझेदारी मजबूत करने, समुद्री सहयोग सुदृढ़ करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
वियतनाम की यात्रा के दौरान श्री राजनाथ सिंह वहां के रक्षा मंत्री जनरल फान वान जियांग के साथ आपसी बातचीत करेंगे। रक्षा मंत्री की यात्रा के दौरान इस महीने की 19 तारीख को वियतनाम के पूर्व राष्ट्रपति हो ची मिन्ह की एक सौ 36वीं जयंती भी मनाई जा रही है। दक्षिण कोरिया में श्री राजनाथ सिंह वहां के रक्षा मंत्री अह्न ग्यू-बैक के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। श्री राजनाथ सिंह दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग की समीक्षा करेंगे और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने की नए संभावनाएं तलाश करेंगे। वे क्षेत्रीय और वैश्विक मामलों में साझा हितों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।