मई 21, 2026 1:18 अपराह्न

printer

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दक्षिण कोरिया में भारतीय समर स्मारक का उद्घाटन किया

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और दक्षिण कोरिया के देशभक्त और वयोवृद्ध मामलों के मंत्री क्वोन ओह-यूल ने आज सियोल के इमुनगक पार्क में भारतीय समर स्‍मारक का संयुक्‍त रूप से उद्घाटन किया। कोरिया युद्ध के 75 वर्ष को दर्शाने के लिए निर्मित स्‍मारक युद्ध के दौरान भारतीय सेना की 60 पैरा फील्ड एम्बुलेंस और कस्टोडियन फोर्स ऑफ इंडिया द्वारा प्रदर्शित किए गए साहस, बलिदान और मानवीय सेवा के प्रति एक श्रद्धांजलि है।

अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने कोरियाई प्रायद्वीप पर शांति और मानवीय सहायता के प्रति भारत के योगदान की अमिट विरासत का उल्‍लेख किया। उन्‍होंने कहा कि दोनों देशों के साझा इतिहास और बलिदान भारत-दक्षिण कोरिया की विशेष रणनीतिक साझेदारी के लिए एक मजबूत आधार के रूप में काम करते आ रहे हैं।  श्री सिंह ने कहा कि भारतीय सैनिकों की स्‍मरणीय भूमिका दोनों देशों के लोगों के बीच समझ को सशक्‍त बनाने में सहायक है। भारतीय सेना की भूमिका दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों के प्रति नए सिरे से ध्‍यान आकर्षित करती है।  

दक्षिण कोरिया के ‘देशभक्त और वयोवृद्ध मामलों के मंत्री क्वोन ओह-यूल ने कोरिया युद्ध के दौरान भारत की भूमिका के प्रति गहरा आभार व्‍यक्‍त किया। उन्‍होंने भारतीय सैनिकों के बलिदान और मानवीय सेवा के जरिए निर्मित मित्रता के मजबूत संबंधों के प्रति आभार प्रकट किया। दोनों नेताओं के बीच एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्‍ताक्षर किए गए। इसका उद्देश्‍य कोरिया युद्ध के वयोवृद्ध सैनिकों को सम्‍मानित करने के लिए सहयोग तथा दोनों देशों के बीच आदान-प्रदान को सशक्‍त बनाना है। सैनिकों के निस्‍वार्थ बलिदान के स्‍मरण में एक संस्‍मरण भी जारी किया गया।

दोनों मंत्रियों ने बहादुर भारतीय सैनिकों के स्‍मारक पर पुष्‍पचक्र और श्रद्धांजलि अर्पित की। इनकी सेवा को दक्षिण कोरिया के लोगों द्वारा सम्‍मान और कृतज्ञता से याद किया जाता रहेगा। भारतीय समर स्‍मारक के उद्घाटन के साथ रक्षा मंत्री ने अपनी चार दिन की वियतनाम और दक्षिण कोरिया की यात्रा सम्‍पन्‍न की।