मई 21, 2026 10:51 पूर्वाह्न

printer

चार दिन की आधिकारिक यात्रा पर मुंबई पहुंचे साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स

साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ चार दिन की आधिकारिक यात्रा पर कल शाम मुंबई पहुंचे। मुंबई हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलाइड्स की यात्रा भारत-साइप्रस साझेदारी की बढ़ती गति को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबध साझा मूल्यों और मजबूत जन-संबंधों पर आधारित हैं।

 यह राजकीय यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब साइप्रस यूरोपीय संघ परिषद की अध्यक्षता कर रहा है। यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की साइप्रस यात्रा के एक साल से भी कम समय बाद हो रही है।

    आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल आज दिल्ली के लिए रवाना होगा। साइप्रस के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मोदी कल मुलाकात करेंगे।

    दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, संस्कृति, गतिशीलता, रक्षा और सुरक्षा, एआई, फिनटेक, नवाचार और अनुसंधान सहित पारस्परिक हित के विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होगी।