अक्टूबर 9, 2026 1:50 अपराह्न

printer

साइबर सुरक्षा मंच साइबरटेक एशिया का आयोजन मार्च 2027 में मुंबई में होगा: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि साइबर सुरक्षा उद्योग के प्रमुख वैश्विक नेटवर्किंग मंच साइबरटेक एशिया का आयोजन मार्च 2027 में मुंबई में किया जाएगा।
 
सोशल मीडिया पोस्ट में श्री फडणवीस ने बताया कि उन्होंने दक्षिण मुंबई स्थित अपने आधिकारिक आवास वर्षा में साइबरटेक ग्लोबल के संस्थापक और साइबरमेनिया के लेखक आमिर रापापोर्ट तथा इस्राएल के महावाणिज्यदूत यानिव रेवाच से मुलाकात की। ‘साइबरमेनिया’ में वैश्विक साइबर शक्ति के रूप में इस्राएल के उभरने की कहानी को दर्शाया गया है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक के दौरान राज्य की महा-साइबर पहल, उभरती प्रौद्योगिकियों और साइबर सुरक्षा से जुड़ी कार्यप्रणालियों पर चर्चा हुई।
 
महा-साइबर पहल राज्य सरकार की एक व्यापक साइबर सुरक्षा व्यवस्था है। इसके तहत स्थापित नोडल एजेंसी का उद्देश्य राज्य में बढ़ते डिजिटल खतरों और ऑनलाइन धोखाधड़ी की जांच करना, उन्हें रोकना और उनसे निपटना है।