संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज नई दिल्ली में बुधवार तक चलने वाले ब्रिक्स थिएटर महोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री शेखावत ने कहा कि दुनिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, संघर्ष और अनिश्चितताओं के बीच संस्कृति संवाद बढ़ाने, विश्वास कायम करने और वैश्विक सद्भाव को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि प्रेम, दुख, साहस और स्वतंत्रता की चाह जैसी भावनाएं भाषा और संस्कृति की सीमाओं से परे हैं।
आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के निदेशक चित्तरंजन त्रिपाठी ने बताया कि तीन दिन के इस महोत्सव में दस नाट्य दल 11 नाटकों का मंचन करेंगे। दिल्ली में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के अभिमंच सभागार के अलावा एलटीजी, कमानी और श्रीराम सेंटर में भी नाटकों का मंचन किया जाएगा।
महोत्सव में ब्रिक्स के सदस्य और साझेदार देशों के नाटक निर्देशक, कलाकार, विद्वान और राजनयिक हिस्सा ले रहे हैं। इसका उद्देश्य कला, सांस्कृतिक विविधता और साझा मानवीय अनुभवों का उत्सव मनाना है। इस महोत्सव में भारत के साथ थाईलैंड, इंडोनेशिया, रूस, वियतनाम, ईरान, दक्षिण अफ्रीका, कज़ाख़िस्तान और इथियोपिया के कलाकार भाग ले रहे हैं।