सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने कहा है कि सामुदायिक रेडियो का उद्देश्य देश के अंतिम छोर तक पहुंचना है। चेन्नई में आकाशवाणी केंद्र में आयोजित एक पुस्तक विमोचन समारोह के दौरान उन्होंने कहा कि नागरिकों में जागरूकता संदेशों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए रेडियो में नवाचार महत्वपूर्ण है। श्री मुरूगन ने रेडियो और सामुदायिक रेडियो में नवाचारों के लिए पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित डॉ. श्रीधरन की सराहना की और कहा कि उनके प्रयासों के कारण ही चेन्नई के अन्ना विश्वविद्यालय में पहला सामुदायिक रेडियो शुरू हुआ था।
आकाशवाणी और दूरदर्शन के महानिदेशक राजीव जैन ने आकाशवाणी भोपाल में डॉ. श्रीधरन के कार्यकाल के दौरान उनकी उपलब्धियों को याद किया। उन्होंने कहा कि उभरती मीडिया चुनौतियों से निपटने के लिए नवाचार और नई तकनीकें मूलभूत आवश्यकताएं हैं। इससे पहले, महानिदेशक ने आकाशवाणी और दूरदर्शन की गतिविधियों की भी समीक्षा की।