नवम्बर 2, 2026 8:51 अपराह्न

printer

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली-NCR में लागू किया ग्रैप का दूसरा चरण

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) के दूसरे चरण के सभी उपाय तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए हैं। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक आज 324 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।

ग्रैप के दूसरे चरण के अंतर्गत संबंधित एजेंसियों को सड़कों की मशीनों और वैक्यूम क्लीनर से सफाई बढ़ाने तथा नियमित रूप से पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदूषण के प्रमुख हॉटस्पॉट पर नियंत्रण के लिए विशेष कदम उठाने और निर्माण तथा तोड़फोड़ स्थलों का निरीक्षण बढ़ाने को कहा गया है। निजी वाहनों के इस्तेमाल को कम करने के लिए पार्किंग शुल्क बढ़ाने का भी निर्देश दिया गया है।

इसके अलावा, दिल्ली सरकार और एनसीआर के राज्य सरकारों को दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में सरकारी कार्यालयों तथा नगर निकायों के कामकाज का समय अलग-अलग रखने की सलाह दी गई है। एनसीआर के अन्य राज्य भी ऐसे उपायों पर विचार कर सकते हैं।

सीएक्यूएम ने सभी संबंधित एजेंसियों को ग्रैप के पहले चरण के उपायों के साथ दूसरे चरण के निर्देशों को भी लागू करने को कहा है। आयोग ने बताया कि वह वायु गुणवत्ता की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और आने वाले दिनों में इसकी समीक्षा करेगा। आयोग ने नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने, निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करने, धूल फैलाने वाली निर्माण गतिविधियों से बचने और खुले में कचरा न जलाने की अपील की है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला