अप्रैल 23, 2026 4:57 अपराह्न | manufacturing plant at Rambilli

printer

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रिन्यू एनर्जी ग्लोबल के सौर ऊर्जा उत्पादन संयंत्र की आधारशिला रखी

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने आज अनाकापल्ली जिले के रामबिल्ली में रिन्यू एनर्जी ग्लोबल के सौर ऊर्जा उत्पादन संयंत्र की आधारशिला रखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कंपनी 5 हजार 4 सौ करोड़ रुपये के निवेश से 6 दशमलव 5 गीगावाट की सौर ऊर्जा उपकरण उत्पादन केंद्र स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि अनाकापल्ली जिला तीव्रता से औद्योगिक निवेश और विकास के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने बताया कि आर्सेलर मित्तल निप्पॉन इंडिया ने भी हाल ही में जिले में अपने प्रस्तावित इस्पात संयंत्र परियोजना का शुभारंभ किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रिन्यू की परियोजना आंध्र प्रदेश के बढ़ते नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन और औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे राज्य में बिजली उत्पादन और नवीकरणीय ऊर्जा अवसंरचना में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित कर रही है। श्री नायडू ने कहा कि आंध्र प्रदेश का लक्ष्य आने वाले वर्षों में एक सौ 60 गीगावाट हरित ऊर्जा उत्पादन क्षमता हासिल करना है। उन्‍होंने कहा कि राज्य ने पहले ही 5 दशमलव नौ पाचं लाख करोड़ रुपये का नवीकरणीय ऊर्जा निवेश आकर्षित कर लिया है। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि लगभग 90 गीगावाट की परियोजनाओं के लिए प्रस्ताव और समझौते पूर्ण होने की प्रक्रिया में है। वहीं, एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी राज्य में 1 दशमलव आठ पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश की योजना बना रही है।

हरित परिवहन पहलों का उल्‍लेख करते हुए श्री नायडू ने कहा कि आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम 1 हजार 50 इलेक्ट्रिक बसें चलाएगी और सरकार आंध्र प्रदेश में 5 हजार इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि जहां अनंतपुर और कुरनूल जिले पहले से ही पर्याप्त सौर और पवन ऊर्जा का उत्पादन कर रहे हैं, वहीं रामबिल्ली जल्द ही सौर उपकरण उत्पादन के लिए एक प्रमुख विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरेगा।